संवाददाता – अर्जुन झा
दल्ली राजहरा के नेताओं ने किया भव्य स्वागत
बालोद। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय के बालोद आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह एवं हर्ष का माहौल देखने को मिला। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने गंगा मैय्या मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं विकास की कामना की। मंदिर परिसर में उन्होंने श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा भी की।
इस अवसर पर दल्लीराजहरा से पहुंचे भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय का भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं द्वारा आतिशबाजी के बीच माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया गया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने योग्य रहा तथा “भारत माता की जय” एवं “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय ने कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से हुई थी। छात्र जीवन से ही उन्होंने संगठन के लिए कार्य करना प्रारंभ किया और निरंतर कार्यकर्ताओं के साथ जुड़कर जनसेवा को अपना उद्देश्य बनाया। उन्होंने कहा कि बालोद जिले से उनका विशेष लगाव रहा है तथा उन्होंने अपने जीवन का काफी समय बालोद क्षेत्र में बिताया है। यहां के कार्यकर्ताओं का स्नेह एवं अपनापन हमेशा उन्हें प्रेरित करता रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं की मेहनत एवं समर्पण से ही पार्टी लगातार जनता का विश्वास जीत रही है। उन्होंने युवाओं से भी संगठन से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्रदेश महामंत्री श्री मार्कंडेय ने आगे कहा कि भाजपा सरकार आम जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क बढ़ाने एवं लोगों के बीच सक्रिय रहने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व के आगमन को संगठन के लिए प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर मुख्य रूप से जयदीप गुप्ता, स्वाधीन जैन, हितेश कुमार, रोहित साहू, कासिम कुरैशी, अंकित टाटिया, चंद्रप्रकाश भारद्वाज, गजेंद्र सिंह, शुभम साहू, अनिल साहू, हिमांशु निषाद, गुलशन कश्यप, युवराज कुमार, लक्की साहू, पुनीत पटेल पब्जी, दिनेश नायक, शिवम कुमार, पंकज कुमार, ईश्वर ठाकुर, नीरज मंडावी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








