कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रेलवे कॉलोनी झोपड़ी इलाके में पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के दुकान से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 मई 2026 को दोपहर लगभग 3:30 बजे रेलवे कॉलोनी झोपड़ी स्थित एक दुकान में छापामार कार्रवाई की गई। इस मामले में आरोपी की पहचान लोचन प्रसाद केशरवानी उर्फ कर्ष केशरवानी, उम्र 48 वर्ष, निवासी रेलवे कॉलोनी झोपड़ी, चौकी मानिकपुर, थाना कोतवाली, जिला कोरबा के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान से स्काई शॉट, टाइगर बम, कोरोना बम, रेड बुश स्काई शॉट, मिर्ची पटाखा, लड़ी, गुड़गुड़ाहट वाले पटाखे सहित विभिन्न प्रकार के विस्फोटक पटाखे जब्त किए। बरामद सामग्री में कई कार्टन एवं बोरियों में रखे गए पटाखे शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी द्वारा बिना वैध अनुमति एवं सुरक्षा मानकों के बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी, जिससे क्षेत्र में किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। घनी आबादी वाले क्षेत्र में इस प्रकार पटाखों का भंडारण गंभीर सुरक्षा खतरा माना जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। मामले की जांच जारी है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि पटाखों की खरीदी एवं भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से संभावित हादसे को टाला जा सका।








