Home चर्चा में “नशामुक्त बीजापुर” का संकल्प: जिला कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली नशा त्याग...

“नशामुक्त बीजापुर” का संकल्प: जिला कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली नशा त्याग की शपथ

11
0

बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफ़ना

बीजापुर 21 जून 2026/जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला कार्यालय परिसर में “नशामुक्त बीजापुर” शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल एवं संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल ने उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इससे न केवल स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी और सतत जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशे के दुष्परिणामों तथा इसके सामाजिक प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक करने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज की स्थापना की जा सकती है।
जिला कार्यालय में आयोजित इस शपथ कार्यक्रम के माध्यम से नशामुक्त बीजापुर अभियान को नई ऊर्जा मिली। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिले को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने तथा जनजागरूकता गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में जिला कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here