Home चर्चा में प्रेस क्लब कुसमी की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन

प्रेस क्लब कुसमी की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन

19
0
 बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद नेजाम खान बने अध्यक्ष, संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
कुसमी। प्रेस क्लब कुसमी की महत्वपूर्ण आमसभा में संगठन की पुरानी कार्यकारिणी को भंग करते हुए सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में क्षेत्र के पत्रकारों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। इस दौरान संगठन की मजबूती, पत्रकारों के हितों की सुरक्षा, निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने तथा प्रेस क्लब की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने एकमत होकर नई टीम का चयन किया और संगठन को नई दिशा देने का संकल्प लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से श्री हरीश मिश्रा को प्रेस क्लब कुसमी का संरक्षक नियुक्त किया गया। वहीं वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद नेजाम खान को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। राकेश भारती को महासचिव, अम्बिकेश गुप्ता को सचिव तथा विशाल गुप्ता को सह सचिव बनाया गया।
नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दुर्गेश गुप्ता, जितेन्द्र सिंह, कुंदन गुप्ता एवं युसूफ खान को सौंपी गई। फिरदोस आलम को कोषाध्यक्ष तथा सद्दाम खान को सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। कार्यालय संचालन की जिम्मेदारी जशीम खान को कार्यालय प्रभारी एवं इरशाद आलम को सह कार्यालय प्रभारी के रूप में दी गई।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चन्द्रदीप यादव, पूर्णिमा सेमरिया, खालिद, सुहैल आलम, राहुल गुप्ता एवं सद्दाब अंसारी को शामिल किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों का बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
नवनियुक्त अध्यक्ष मोहम्मद नेजाम खान ने कहा कि प्रेस क्लब कुसमी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि क्षेत्र के पत्रकारों की आवाज है। पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि संगठन सभी पत्रकारों को साथ लेकर चलेगा तथा निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। पत्रकारों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण, संवाद कार्यक्रम, सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियान तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
संरक्षक श्री हरीश मिश्रा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ हैं। प्रेस क्लब का उद्देश्य पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, एकजुटता और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने नवगठित टीम से पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ संगठन को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई।
बैठक के समापन पर सभी पत्रकारों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पत्रकारों के हितों की रक्षा करने तथा समाज और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का सामूहिक संकल्प लिया। नई कार्यकारिणी के गठन पर क्षेत्र के पत्रकारों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों ने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here