बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर कुसम। सरगुजा संभाग सहित पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ के लाखों रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ट्रेन संख्या 22407/22408 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस का संचालन अब साप्ताहिक के बजाय द्विसाप्ताहिक कर दिया गया है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों की यह मांग लंबित थी, जिसे अब केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन ने स्वीकार कर लिया है।


इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज की विशेष पहल, लगातार प्रयास और निरंतर पैरवी को अहम माना जा रहा है। सांसद ने समय-समय पर रेल मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड के समक्ष उत्तर छत्तीसगढ़ के यात्रियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए ट्रेन के फेरे बढ़ाने की मांग की थी। उनके सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप क्षेत्र को यह बहुप्रतीक्षित रेल सौगात मिली है।
इस निर्णय से विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, व्यवसायियों, श्रमिकों, मरीजों एवं आम यात्रियों को दिल्ली सहित उत्तर भारत के प्रमुख शहरों तक आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही सरगुजा संभाग के सामाजिक, शैक्षणिक, व्यापारिक और आर्थिक विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।

इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष श्री सतीश कुमार से सौजन्य भेंट कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही इस जनहितकारी निर्णय के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष श्री सतीश कुमार तथा सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज के प्रति क्षेत्रवासियों ने हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
“यह केवल ट्रेन के फेरे बढ़ने का निर्णय नहीं, बल्कि उत्तर छत्तीसगढ़ के विकास, बेहतर संपर्क और क्षेत्र की वर्षों पुरानी जनभावना को मिला सम्मान है।”








