Home चर्चा में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना से बदली तकदीर: तर्रेम के रोशन बने ग्रामीण...

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना से बदली तकदीर: तर्रेम के रोशन बने ग्रामीण डिजिटल सेवाओं के सफल उद्यमी

6
0
बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
बीजापुर 23 जून 2026/दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को डिजिटल सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया रोशन ऑनलाइन सेंटर एवं फोटोकॉपी सेवा केंद्र आज तर्रेम (बसागुड़ा) क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र बन चुका है। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) योजना के अंतर्गत मिली वित्तीय सहायता ने युवा उद्यमी श्री रोशन के स्वरोजगार के सपने को साकार कर दिया।
तर्रेम (थाना के पास, मुख्य मार्ग), बसागुड़ा निवासी श्री रोशन ने ग्रामीण क्षेत्र में डिजिटल सेवाओं की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए ऑनलाइन सेंटर स्थापित करने की योजना बनाई। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बीजापुर द्वारा संचालित स्वरोजगार प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी मिलने पर उन्होंने लगभग ₹1.50 लाख की परियोजना तैयार कर भारतीय स्टेट बैंक, बसागुड़ा शाखा में ऋण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।
बैंक द्वारा प्रकरण का परीक्षण कर ऋण स्वीकृत किया गया तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत ₹35 हजार की सब्सिडी (अनुदान) भी प्रदान की गई। इस आर्थिक सहयोग से उन्होंने कंप्यूटर, प्रिंटर, फोटोकॉपी मशीन एवं अन्य आवश्यक उपकरण खरीदकर अपना व्यवसाय शुरू किया।
वर्तमान में रोशन ऑनलाइन सेंटर के माध्यम से आधार संबंधित सेवाएँ, ऑनलाइन आवेदन, प्रिंटिंग, फोटोकॉपी, स्कैनिंग सहित अनेक डिजिटल सेवाएँ स्थानीय ग्रामीणों को उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों का समय और धन दोनों बच रहे हैं तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
श्री रोशन की यह उपलब्धि दर्शाती है कि उचित मार्गदर्शन, सरकारी योजनाओं का लाभ और दृढ़ संकल्प के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी सफल उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं। उन्होंने अपनी सफलता के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बीजापुर तथा भारतीय स्टेट बैंक, बसागुड़ा शाखा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राप्त वित्तीय सहायता ने उनके व्यवसाय को नई दिशा और पहचान दी है।
उन्होंने युवाओं से भी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
“सरकारी योजनाओं का सही उपयोग कर आत्मनिर्भर बनें और अपने सपनों को नई उड़ान दें।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here