Home कोरबा कुसमुंडा मार्ग में पलटा कोयला लोड तेज रफ्तार ट्रेलर,बाल बाल बचे राहगीर

कुसमुंडा मार्ग में पलटा कोयला लोड तेज रफ्तार ट्रेलर,बाल बाल बचे राहगीर

9
0

कोरबा संवाददाता – गुरदीप सिंह

कोरबा। कुसमुंडा-कोरबा मार्ग पर मंगलवार दोपहर लगभग 4 बजे बरमपुर मोड़ के पास एक कोयला लोड ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में ट्रेलर चालक घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोयला लोड ट्रेलर क्रमांक CG 12 BM 7649 कुसमुंडा की ओर से कोरबा की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान बरमपुर मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर सड़क किनारे पलट गया। ट्रेलर के पलटते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी प्रभारी वैभव तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई तथा यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरमपुर मोड़ स्थित नहर मार्ग काफी संकरा है, जबकि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहन गुजरते हैं। मोड़ पर वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। क्षेत्रवासियों ने कई बार यहां सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और गति नियंत्रण के उपाय करने की मांग भी की है।

इस हादसे में सबसे राहत की बात यह रही कि कोई राहगीर या अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। जिस तरह से भारी-भरकम ट्रेलर सड़क पर पलटा, यदि उस समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद होता तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ना दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।

फिलहाल चालक का उपचार जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here