Home चर्चा में शिक्षा सत्र की शुरुआत में बड़ी लापरवाही: 10 बजे तक बंद रहा...

शिक्षा सत्र की शुरुआत में बड़ी लापरवाही: 10 बजे तक बंद रहा पहाड़ी कोरवा कन्या आश्रम,

18
0

-अधीक्षिका-प्रधान पाठिका समेत कर्मचारी नदारद

संवाददाता:- उमेश कुमार प्रजापति बतौली। शासन द्वारा आदिवासी एवं विशेष पिछड़ी जनजाति की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। लेकिन जमीनी स्तर पर इन योजनाओं की हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। शिक्षा सत्र शुरू होने के महज 12 दिन बाद ही बतौली विकासखंड के ग्राम पंचायत भटको स्थित पहाड़ी कोरवा कन्या आश्रम में गंभीर लापरवाही सामने आई है।

शनिवार को सुबह 10 बजे तक आश्रम का मुख्य द्वार बंद रहा, जबकि अधीक्षिका, प्रधान पाठिका सहित अन्य जिम्मेदार कर्मचारी मौके से नदारद मिले।

आश्रम में कार्यरत महिला भृत्य ताला खुलने का इंतजार करती बाहर खड़ी रही, वहीं छात्रावास पूरी तरह सूना पड़ा था। यह स्थिति तब है जब स्कूल और छात्रावास का संचालन 16 जून से शुरू हो चुका है।

12 दिन बाद भी नहीं पहुंचीं छात्राएं
आश्रम एवं छात्रावास खुलने के 12 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पूर्व से अध्ययनरत छात्राएं अब तक आश्रम नहीं पहुंची हैं। नए प्रवेश की प्रक्रिया जारी है, लेकिन पुरानी छात्राओं की अनुपस्थिति पर जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई गंभीर पहल नहीं की।

आश्रम संचालन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

शिक्षकों की भी मनमानी

पहाड़ी कोरवा कन्या आश्रम परिसर में प्राथमिक विद्यालय भी संचालित होता है, जहां कक्षा पहली से पांचवीं तक की पढ़ाई होती है। लेकिन छात्राओं की अनुपस्थिति के कारण यहां पदस्थ शिक्षकों की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है।

शनिवार सुबह 10 बजे तक प्रधान पाठिका अंजना लकड़ा आश्रम नहीं पहुंचीं। बताया गया कि आश्रम की चाबी भी उनके पास थी, जिसके कारण पूरा संस्थान बंद रहा। वहीं एक सहायक शिक्षिका बीमारी के कारण देर से पहुंचीं।

व्यवस्था पर उठे सवाल

आवासीय आश्रम होने के बावजूद सुबह निर्धारित समय तक संस्था बंद रहना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना जा रहा है। इससे यह सवाल उठता है कि आखिर छात्रावास और विद्यालय का संचालन किस प्रकार किया जा रहा है और जिम्मेदार अधिकारी इसकी नियमित निगरानी क्यों नहीं कर रहे हैं।

जांच और कार्रवाई का भरोसा
विकासखंड शिक्षा अधिकारी शरद चंद्र मेषपाल ने कहा कि शनिवार को आश्रम बंद रहने की जानकारी मिली है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं प्रभारी मंडल संयोजक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि अधीक्षिका को समझाइश दी गई है। भविष्य में यदि आश्रम संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here