अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) क्रिकेट के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कई बड़े बदलावों पर विचार कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 8 से 11 जुलाई के बीच स्कॉटलैंड के एडिनबरा में होने वाली ICC की वार्षिक आम बैठक (AGM) में टी20 फ्रेंचाइजी क्रिकेट के लिए एक नई वैश्विक लीग शुरू करने के प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। इस बैठक की अध्यक्षता ICC चेयरमैन जय शाह करेंगे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह नई प्रतियोगिता ‘वर्ल्ड क्लब चैंपियनशिप’ (World Club Championship) के नाम से शुरू की जा सकती है, जिसमें दुनिया की प्रमुख टी20 फ्रेंचाइजी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी। हालांकि, फिलहाल इस संबंध में ICC की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
ब्रिटिश अखबार द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, ICC एक ऐसी वैश्विक टी20 प्रतियोगिता शुरू करने की योजना पर विचार कर रहा है, जिसमें विभिन्न देशों की प्रमुख फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। इस टूर्नामेंट का प्रारूप काफी हद तक चैंपियंस लीग टी20 (CLT20) जैसा हो सकता है, जो 2009 से 2014 तक आयोजित की जाती थी।
अगर यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो IPL, BBL, SA20, ILT20, CPL, PSL और अन्य बड़ी टी20 लीगों की चैंपियन या शीर्ष टीमें एक ही मंच पर खिताब के लिए भिड़ सकती हैं।
टी20 फ्रेंचाइजी टीमों के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाबले कराने का प्रयास पहले भी किया जा चुका है। चैंपियंस लीग टी20 का आयोजन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और क्रिकेट साउथ अफ्रीका संयुक्त रूप से करते थे।
यह टूर्नामेंट 2009 से 2014 तक छह सीजन चला, लेकिन उम्मीद के मुताबिक लोकप्रियता और व्यावसायिक सफलता नहीं मिलने के कारण इसे बंद कर दिया गया। अब ICC इसी तरह की प्रतियोगिता को नए स्वरूप में फिर से शुरू करने की संभावनाओं पर विचार कर रहा है।
अभी शुरुआती चरण में है प्रस्ताव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वर्ल्ड क्लब चैंपियनशिप को लेकर अभी केवल शुरुआती स्तर पर चर्चा चल रही है। ICC या किसी सदस्य बोर्ड की ओर से इस प्रस्ताव पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। हालांकि, एडिनबरा में होने वाली AGM में क्रिकेट के 12 पूर्ण सदस्य (Full Member) देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जहां इस विषय पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।
यदि सभी सदस्य देशों की सहमति बनती है, तो भविष्य में इस नई वैश्विक फ्रेंचाइजी प्रतियोगिता को हरी झंडी मिल सकती है।








