Home कोंडागांव संकुल समन्वयक शिक्षक संघ की जिला स्तरीय बैठक संपन्न, शिक्षक संगठनों को...

संकुल समन्वयक शिक्षक संघ की जिला स्तरीय बैठक संपन्न, शिक्षक संगठनों को एक मंच पर लाने की पहल

2
0

कोंडागांव संवाददाता – विनीत पिल्लई

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ संकुल समन्वयक शिक्षक संघ जिला इकाई कोंडागांव की जिला स्तरीय बैठक जिला अध्यक्ष सुभाऊ राम नेताम की अध्यक्षता में विकासखंड बड़े राजपुर में आयोजित की गई। बैठक शाम 4:30 बजे से 7:00 बजे तक चली, जिसमें जिलेभर के संकुल समन्वयकों, जिला पदाधिकारियों एवं विभिन्न विकासखंडों के अध्यक्षों ने भाग लिया।

बैठक में संकुल समन्वयकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख रूप से VSK ऐप की तकनीकी समस्याएं, गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति, निजी मोबाइल से उपस्थिति दर्ज कराने का विरोध तथा शिक्षकों की अन्य लंबित मांगों पर विचार-विमर्श हुआ। सभी विकासखंड अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों एवं संकुल समन्वयक साथियों ने अपने विचार रखे, जिसके बाद विभिन्न विषयों पर सामूहिक चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ संकुल समन्वयक शिक्षक संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रामचंद्र सोनवंशी ने कहा कि प्रदेश के सभी शिक्षक संगठनों की प्रमुख मांगें लगभग समान हैं। इनमें संकुल समन्वयकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करना, VSK ऐप के लिए आवश्यक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराना, निजी मोबाइल से उपस्थिति दर्ज कराने की बाध्यता समाप्त करना, प्रथम नियुक्ति तिथि से पूर्ण पेंशन, सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करना, TET की अनिवार्यता समाप्त करना, समयबद्ध पदोन्नति तथा सेवा सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इन मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष रखने के लिए प्रदेश के सभी शिक्षक संगठनों को एक साझा मंच पर लाने की आवश्यकता है।

बैठक में प्रमुख मांगें

  • प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना कर पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाए।
  • समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करते हुए वेतन विसंगतियां दूर की जाएं।
  • सभी शिक्षकों को बिना शर्त शिक्षा विभाग में संविलियन एवं सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए।
  • सहायक शिक्षकों सहित पात्र शिक्षकों की वरिष्ठता के आधार पर शीघ्र पदोन्नति की जाए।
  • वर्षों से कार्यरत शिक्षकों को पदोन्नति एवं सेवा सुरक्षा के लिए TET की अनिवार्यता से छूट दी जाए।
  • प्रदेश के सभी शिक्षक संगठनों का संयुक्त शिक्षक मोर्चा गठित कर सरकार के समक्ष साझा मांग-पत्र प्रस्तुत किया जाए।
  • मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री को संयुक्त ज्ञापन सौंपकर नियमित उच्च स्तरीय वार्ता की जाए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी शिक्षक संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से 11 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे फरसगांव कर्मचारी भवन में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें सभी शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर साझा रणनीति तैयार की जाएगी।

बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रामचंद्र सोनवंशी, जिला अध्यक्ष सुभाऊ राम नेताम, विकासखंड अध्यक्ष महेंद्र कश्यप (फरसगांव), अमिताभ मिश्रा (माकड़ी), राजूराम दीवान (कोंडागांव), राधेश्याम मांडवी (केशकाल), रूपेंद्र कौशिक (बड़े राजपुर) सहित जिला उपाध्यक्ष यशवंत साहू, गौतम राम साहू, शोएब अली, जिला सचिव धर्म देवांगन, जिला कोषाध्यक्ष महेश पटेल, जिला महामंत्री रामदेव कौशिक, मुख्य सलाहकार मायाराम उईके, जी.आर. कोर्राम, तेजाराम कोर्राम सहित जिले के सैकड़ों संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here