पुकार बाफना/भोपालपटनम। कलेक्टर श्री विश्वदीप ने भोपालपटनम क्षेत्र के इंद्रावती नदी स्थित तिमेड़ पुल का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति एवं आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके पश्चात उन्होंने चंद्रगिरी राहत शिविर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा उनका हालचाल जाना।
कलेक्टर ने राहत शिविर में भोजन, पेयजल, वस्त्र, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन उनकी हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की आवश्यक सहायता में कमी नहीं आने दी जाएगी।
श्री विश्वदीप ने कहा कि बाढ़ से हुई क्षति का नियमानुसार सर्वे एवं मूल्यांकन कर प्रभावितों को शासन के प्रावधानों के अनुरूप मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) (एसडीएम) सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।







