Home चर्चा में सहायक शिक्षक भर्ती 2026 में PVTGs के लिए पूर्ववत प्रावधान लागू करने...

सहायक शिक्षक भर्ती 2026 में PVTGs के लिए पूर्ववत प्रावधान लागू करने की मांग, पहाड़ी कोरवा-पण्डो समाज ने सौंपा ज्ञापन

9
0

युसूफ खान/बलरामपुर/कुसमी। वर्तमान सहायक शिक्षक भर्ती 2026 में PVTGs (विशेष पिछड़ी जनजाति) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए पूर्ववत प्रावधान लागू करने की मांग को लेकर शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को पहाड़ी कोरवा एवं पण्डो समाज के पदाधिकारियों और अभ्यर्थियों ने सामूहिक रूप से जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन मुख्यमंत्री, राज्यपाल एवं शिक्षा मंत्री के नाम अपर कलेक्टर को सौंपा गया।

विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज कल्याण समिति जिला बलरामपुर के संस्थापक राजू राम हंसदा के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने वर्तमान सहायक शिक्षक भर्ती विज्ञापन में PVTGs वर्ग के लिए पूर्ववत प्रावधान नहीं होने पर नाराजगी जताई।

समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि पूर्व की सहायक शिक्षक भर्ती में PVTGs वर्ग के लिए अलग प्रावधान एवं विकल्प उपलब्ध था, लेकिन वर्तमान सहायक शिक्षक भर्ती 2026 के विज्ञापन में इसका स्पष्ट उल्लेख अथवा विकल्प नहीं दिया गया है। इससे PVTGs वर्ग के अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में अवसर से वंचित होने की आशंका है।

20 प्रतिशत आरक्षण सहित कई मांगें
समाज की प्रमुख मांग है कि ST आरक्षण के अंतर्गत PVTGs वर्ग के लिए पूर्ववत 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान लागू रखा जाए। साथ ही वर्तमान सहायक शिक्षक भर्ती में PVTGs अभ्यर्थियों को TET, D.El.Ed. एवं B.Ed. जैसी शैक्षणिक योग्यताओं में विशेष छूट प्रदान करते हुए भर्ती वर्ष से पांच वर्ष के भीतर आवश्यक योग्यता पूर्ण करने का अवसर दिया जाए।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि PVTGs समुदाय सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से अपेक्षाकृत कमजोर है। ऐसे में सरकार द्वारा इनके उत्थान के लिए लागू विशेष प्रावधानों एवं योजनाओं का लाभ भर्ती प्रक्रिया में भी मिलना चाहिए।

पूर्व में भर्ती हुए अभ्यर्थियों की समस्या का भी उठाया मुद्दा
ज्ञापन में पूर्व में सहायक शिक्षक के रूप में भर्ती हुए PVTGs वर्ग के लगभग 300 से 500 अभ्यर्थियों की प्रशिक्षण संबंधी समस्या का भी उल्लेख किया गया। समाज की मांग है कि विभागीय स्तर पर D.El.Ed. प्रशिक्षण की व्यवस्था कराई जाए। वहीं जिन अभ्यर्थियों ने D.El.Ed. पूर्ण कर लिया है, लेकिन 12वीं में 45 प्रतिशत से कम अंक होने के कारण उन्हें अप्रशिक्षित माना जा रहा है, उन्हें भी प्रशिक्षित मानकर आवश्यक राहत प्रदान की जाए।

PM जन-मन योजना के तहत मूलभूत सुविधाओं की मांग
ज्ञापन के बाद पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर से भी मुलाकात की। समाज प्रमुखों ने प्रधानमंत्री जन-मन योजना के तहत PVTGs बहुल क्षेत्रों में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के निर्माण एवं सुधार कार्यों को सक्रियता से कराने तथा कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग रखी।

इस दौरान पहाड़ी कोरवा समाज कल्याण समिति के संस्थापक राजू राम हंसदा, जिलाध्यक्ष बांसदेव राम, जिला सचिव अर्जुन राम, जिला संरक्षक एवं कुसमी ब्लॉक अध्यक्ष देवनाथ राम, जिला सह सचिव रविन्द्र कुमार, जिला संयोजक राजेन्द्र कुमार, जिला कोषाध्यक्ष खेलन राम, जिला मीडिया प्रभारी बिगना राम, कुसमी ब्लॉक सह सचिव कमलप्रसाद, कुसमी ब्लॉक कोषाध्यक्ष बासुदेव राम, शंकरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष रामेश्वर राम, बलरामपुर ब्लॉक अध्यक्ष जगेश्वर राम, रंजीत राम, धनुकलाल, सूरजदेव पण्डो सहित बड़ी संख्या में समाज प्रमुख एवं सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here