Home चर्चा में सारंगपुरी पंचायत कार्यालय में लटका मिला ताला, परिसर में जुआ-ताश खेलने का...

सारंगपुरी पंचायत कार्यालय में लटका मिला ताला, परिसर में जुआ-ताश खेलने का आरोप…ग्रामीण बोले जिम्मेदार कौन?

8
0

खिलेश साहू/धमतरी:- धमतरी जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत सारंगपुरी में पंचायत कार्यालय के नियमित संचालन नहीं होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन अक्सर बंद रहता है, जिससे प्रमाण पत्र, आवेदन, पेंशन, मनरेगा सहित अन्य पंचायत संबंधी कार्यों के लिए लोगों को बार-बार भटकना पड़ता है।लेकिन शासन ने पंचायत कार्यालयों में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए टेलीग्राम के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था लागू की है। साथ ही गुरुवार और शुक्रवार को सचिवों की शाम 5 बजे तक पंचायत मुख्यालय में अनिवार्य उपस्थिति के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि सारंगपुरी पंचायत कार्यालय में इन निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है और कार्यालय में ताला लटका मिलता है। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि नियमित शासकीय अवकाश को छोड़कर ग्राम पंचायत कार्यालय प्रतिदिन निर्धारित समय पर खुलना चाहिए, ताकि आम नागरिकों को समय पर सेवाएं मिल सकें। इसके बावजूद शुक्रवार को पंचायत भवन में ताला लटका मिला, जिससे कई ग्रामीण निराश होकर लौट गए।

वहीं पंचायत सचिव जीवनलाल साहू से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि वे शुक्रवार सुबह पंचायत गए थे। हालांकि, दोपहर लगभग 12:30 बजे जब संपर्क किया गया, तब पंचायत भवन बंद मिला और उस पर ताला लगा हुआ था।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच राम कुमार यादव से कार्य के संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन कॉल रिसीव नही किया गया,मौके पर भी उनसे मुलाकात नहीं हो सकी।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन का अनियमित रूप से खुलना और बंद रहना अब आम बात बन गई है। छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी लोगों को पंचायत प्रतिनिधियों या सचिव के पास अलग से जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है। उनका कहना है कि पंचायत स्तर पर संचालित होने वाले अनेक शासकीय कार्य नियमित रूप से प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत परिसर स्थित सामुदायिक भवन में जुआ और ताश खेलने जैसी गतिविधियां होती हैं, लेकिन इस पर पंचायत प्रतिनिधियों अथवा संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। इसे लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में जनपद पंचायत धमतरी की अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव ने सरपंच-सचिवों की बैठक में सभी ग्राम पंचायत कार्यालयों को शासकीय कार्यदिवसों में नियमित रूप से पूर्ण समय तक संचालित करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि पंचायतों में सभी आवश्यक अभिलेख, संधारण पंजी एवं दस्तावेज उपलब्ध रहें और ग्रामीणों को समय पर सेवाएं मिलें। इसके बावजूद सारंगपुरी पंचायत में स्थिति में सुधार नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।अब ग्रामीणों की निगाह इस बात पर है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी या फिर यह मामला भी पूर्व की शिकायतों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here