-समाज प्रमुखों का किया भव्य अभिनंदन, पुष्पवर्षा एवं श्री फल से किया स्वागत
दीपक कश्यप/गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा सामाजिक समरसता, एकता और बंधुत्व की भावना को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय पहल की गई। नगर में आयोजित आदिवासी दिवस के कार्यक्रम एवं रैली में शामिल समाज प्रमुखों, प्रबुद्धजनों, युवाओं एवं मातृशक्ति का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यकर्ताओं द्वारा नगर के विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच एवं स्वागत केंद्र बनाए गए। यहां रैली में शामिल आदिवासी समाज के समाज प्रमुखों एवं नागरिकों पर पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
“आदिवासी समाज सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर”
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि आदिवासी समाज हमारी सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। प्रकृति, जल, जंगल और पर्यावरण संरक्षण के साथ अपनी प्राचीन परंपराओं, संस्कृति एवं जीवन मूल्यों को सहेजने में आदिवासी समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।

उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच आपसी सम्मान, प्रेम, भाईचारा और समरसता ही मजबूत एवं संगठित समाज की पहचान है। विश्व आदिवासी दिवस पर समाज प्रमुखों एवं नागरिकों का स्वागत केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि “हम सब एक हैं” की भावना को मजबूत करने का प्रयास है।
स्वागत कार्यक्रम में उमड़ा कार्यकर्ताओं का उत्साह
रैली के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए स्वागत से वातावरण उत्साहपूर्ण हो गया। पुष्पवर्षा एवं आत्मीय अभिनंदन से रैली में शामिल समाज प्रमुखों और नागरिकों का स्वागत किया गया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि ऐसे अवसर समाज के विभिन्न वर्गों को एक-दूसरे के करीब लाने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष हर्ष छाबरिया, सागर पटेल बजरंग दल विभाग संयोजक, प्रिया त्रिवेदी प्रांत बाल संस्कार प्रमुख, प्रकाश साहू जिला मंत्री, निखिल परिहार जिला सह मंत्री, रविंद्र कैवर्थ जिला संयोजक, श्रीमती सरोज पवार जिला उपाध्यक्ष, श्रीमती विभा तिवारी जिला संयोजिका, नीलम पूरी दुर्गा वाहिनी संयोजिका कशिश,काजल,दिशा सहित स्नेहलता , सुमन , रुक्मिणी, अनिता , रामेश्वरी, कंचन, बृजेश सोनी, नवीन, विनय, सनी,अनुराग, शुभम, देवांश, उत्तम, बृजेश, भूपेंद्र, शिवम एवं दीपक विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता, आपसी सद्भाव एवं भाईचारे का मजबूत संदेश समाज के बीच पहुंचाया गया।







