Home एजुकेशन & जॉब दिल्ली के सरकारी स्कूलों में प्रिंसिपल और वाइस-प्रिंसिपल के 828 पद खाली,...

दिल्ली के सरकारी स्कूलों में प्रिंसिपल और वाइस-प्रिंसिपल के 828 पद खाली, UPSC भर्ती के लिए 14 अगस्त तक आवेदन

95
0

दिल्ली सरकार के स्कूलों में प्रिंसिपल (प्रधानाचार्य) और वाइस-प्रिंसिपल (उप-प्रधानाचार्य) के 828 पद खाली पड़े हैं। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा हाल ही में जारी एक भर्ती विज्ञापन से यह जानकारी सामने आई है। शिक्षा निदेशालय (DOE) लगभग 1,090 सरकारी स्कूलों का संचालन करता है। शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी एक सर्कुलर के अनुसार, सीधी भर्ती के माध्यम से भरे जाने वाले कुल 828 पदों में से 124 पद प्रिंसिपल के और 704 पद वाइस-प्रिंसिपल के खाली हैं।

सर्कुलर में बताया गया है कि इन 124 प्रिंसिपल और 704 वाइस-प्रिंसिपल के पदों पर सीधी भर्ती के लिए 25 जुलाई से 14 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ‘प्रिंसिपल एंड वाइस-प्रिंसिपल गवर्नमेंट स्कूल एसोसिएशन’ के अनुसार, दिल्ली के सरकारी स्कूलों में प्रिंसिपल के 950 और वाइस-प्रिंसिपल के 1,670 स्वीकृत पद हैं।

कैसे करें आवेदन?

प्रिंसिपल और वाइस-प्रिंसिपल पोस्ट पर नियुक्त होने के इच्छुक उम्मीदवार UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म सफलतापूर्वक जमा कर सकते हैं। फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/OBC/EWS के लिए 25 रुपये तय किया गया है। वहीं, SC/ST/PWBD और महिला उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

योग्यता-

  • आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ एजुकेशन (बी.एड) और मास्टर डिग्री होनी चाहिए।
  • प्रिंसिपल पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास किसी मान्यता प्राप्त हाई स्कूल/हायर सेकेंडरी स्कूल/सीनियर सेकेंडरी स्कूल/इंटरमीडिएट कॉलेज में पढ़ाने का 10 साल का अनुभव (वाइस प्रिंसिपल/पोस्ट ग्रेजुएट टीचर/ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर के तौर पर) होना चाहिए।
  • वाइस प्रिंसिपल पोस्ट के लिए अभ्यर्थियों के पास पोस्ट ग्रेजुएट टीचर के तौर पर दो वर्ष का अनुभव या ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर के तौर पर तीन वर्ष का अनुभव होना चाहिए।
  • प्रिंसिपल पोस्ट के लिए कैंडिडेट की अधिकतम उम्र 50 वर्ष और वाइस-प्रिंसिपल पद के लिए 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी।
  • आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम उम्र सीमा में छूट दी जाएगी। हालांकि, किसी भी कैंडिडेट की उम्र 56 वर्ष से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।

चयन की प्रक्रिया

योग्य अभ्यर्थियों का चयन सीधी भर्ती अभियान के तहत पेन और पेपर पर आधारित संयुक्त भर्ती परीक्षा (सीआटी), शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद प्रिंसिपल पद पर चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 7वें सीपीसी के अनुसार पे मैट्रिक्स 12 और वाइस-प्रिंसिपल पद पर चुने गए उम्मीदवारों की सैलरी 7वें सीपीसी के अनुसार पे मैट्रिक्स 10 के तहत प्रति माह होगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here