Home चर्चा में सावन की सोमवारी पर गंगा स्नान बना काल: चार बच्चियां डूबीं, तीन...

सावन की सोमवारी पर गंगा स्नान बना काल: चार बच्चियां डूबीं, तीन के शव बरामद; एक की तलाश जारी

23
0

बख्तियारपुर। बिहार के बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में सावन की सोमवारी के दिन गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रानीसराय गांव के पास सोमवार सुबह गंगा में स्नान करने पहुंची सात बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं। हादसे में चार बच्चियां लापता हो गई थीं, जिनमें से तीन के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, 14 वर्षीय आरती कुमारी की तलाश अब भी जारी है।

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 5 बजे रानीसराय गांव की सात बच्चियां एक साथ गंगा स्नान करने पहुंची थीं। इसी दौरान एक बच्ची अचानक गहरे पानी में जाकर डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में अन्य बच्चियां भी आगे बढ़ गईं और देखते ही देखते कई बच्चियां पानी में डूबने लगीं।

बच्चियों को डूबता देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने तीन बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि चार बच्चियां गहरे पानी में लापता हो गईं। सूचना मिलने पर बख्तियारपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू कराई।

तीन बच्चियों के शव मिले

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान लापता चार बच्चियों में से बबली कुमारी, नंदनी कुमारी और राधिका कुमारी के शव बरामद कर लिए गए। वहीं आरती कुमारी की तलाश पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीम लगातार कर रही है। खोज अभियान में एसडीआरएफ की टीम को भी लगाया गया है।

लापता बच्चियों में राधिका कुमारी (16), आरती कुमारी (14), नंदनी कुमारी (17) और बबली कुमारी शामिल थीं। सभी रानीसराय गांव की रहने वाली बताई गई हैं।

अवैध खनन से बने गड्ढों का ग्रामीणों ने लगाया आरोप

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गंगा नदी में कथित अवैध खनन को लेकर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि खनन के कारण नदी में कई जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिसके चलते बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

एक बच्ची को बचाने के दौरान हुआ हादसा

बख्तियारपुर थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा के अनुसार, स्नान के दौरान एक बच्ची डूबने लगी थी। उसे बचाने के प्रयास में दूसरी बच्चियां भी पानी में आगे बढ़ीं और एक-एक कर डूबने लगीं। ग्रामीणों की मदद से तीन बच्चियों को बचा लिया गया, जबकि चार लापता हो गई थीं। इनमें से तीन के शव बरामद हो चुके हैं और एक बच्ची की तलाश जारी है।

पुलिस-प्रशासन की टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here