बड़ेराजपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कोपरा में सावन माह के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सोमवार को कांवड़िए शिवभक्तों ने शिव मंदिर परिसर में भगवान शिव के शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस धार्मिक आयोजन में आसपास के कई गांवों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा क्षेत्र “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा।
ग्राम कोपरा के कांवड़िए शिवभक्त रविवार को सिहावा के लिए रवाना हुए थे। ग्राम कोपरा से सिहावा की दूरी लगभग 80 किलोमीटर है। श्रद्धालुओं की टोली ने सोमवार तड़के करीब 2 बजे सिहावा से कोपरा के लिए पैदल कांवड़ यात्रा शुरू की।

इस वर्ष ग्राम कोपरा के 16 शिवभक्तों की एक टोली ने डाक कांवड़ यात्रा पूरी की। श्रद्धालुओं के अनुसार, इस टोली ने लगभग 80 किलोमीटर की दूरी महज तीन घंटे में तय कर कोपरा पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा के विभिन्न स्वरूपों में डाक कांवड़ को कठिन और निष्ठापूर्ण यात्रा माना जाता है, जिसमें श्रद्धालु निर्धारित नियमों और अनुशासन का पालन करते हुए लगातार यात्रा करते हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, डाक कांवड़ यात्रा को अखंड तपस्या का स्वरूप माना जाता है। इसमें श्रद्धालु शरीर, मन और समय की सीमाओं को चुनौती देते हुए भगवान आशुतोष की आराधना करते हैं। मान्यता है कि पूर्ण श्रद्धा और नियमों के साथ डाक कांवड़ यात्रा पूरी कर भगवान शिव का जलाभिषेक करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
बोल बम समिति के सदस्यों ने बताया कि ग्राम कोपरा में पिछले पांच वर्षों से लगातार पैदल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष शिवभक्त सिहावा से पवित्र जल लेकर कोपरा पहुंचते हैं और शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं।
इस धार्मिक आयोजन के अवसर पर बोल बम समिति की ओर से भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम के सभी ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में ग्रामीणों का उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था देखने को मिली।







