Home चर्चा में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न, बस्तर ने जीती ओवरऑल चैंपियनशिप

26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न, बस्तर ने जीती ओवरऑल चैंपियनशिप

7
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
चार दिवसीय खेल महाकुंभ में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेता टीमों को किया गया पुरस्कृत
 जिला जांजगीर-चांपा। हाईस्कूल मैदान जांजगीर में 22 से 25 अगस्त तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामय समारोह के बीच समापन हुआ। चार दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में छत्तीसगढ़ के विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बस्तर संभाग ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की।
प्रतियोगिता के दौरान मलखंभ और हैण्डबॉल के विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। मलखंभ 14 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर प्रथम, रायपुर द्वितीय तथा सरगुजा तृतीय रहा। वहीं 14 वर्ष बालिका वर्ग में बिलासपुर ने प्रथम, रायपुर ने द्वितीय और सरगुजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार मलखंभ 17 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और रायपुर तृतीय रहा, जबकि 17 वर्ष बालिका वर्ग में बिलासपुर ने प्रथम, रायपुर ने द्वितीय तथा बस्तर ने तृतीय स्थान हासिल किया। मलखंभ 19 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और रायपुर तृतीय रहा। 19 वर्ष बालिका वर्ग में भी बस्तर ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बिलासपुर द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा।
हैण्डबॉल 14 वर्ष बालक वर्ग में रायपुर ने प्रथम, बस्तर ने द्वितीय और बिलासपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 14 वर्ष बालिका वर्ग में सरगुजा प्रथम, बस्तर द्वितीय तथा बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा। प्रतियोगिता के सभी विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को समापन समारोह में सम्मानपूर्वक पुरस्कृत किया गया।
खेल भावना ही खिलाड़ी की असली पहचान : गगन जयपुरिया
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गगन जयपुरिया रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा गरेवाल ने की। विशेष अतिथि के रूप में उपाध्यक्ष श्री मोहन यादव, पार्षद योगेश चौरसिया तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नंदनी राजवाड़े मंचस्थ रहे।
मुख्य अतिथि गगन जयपुरिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार से कहीं अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना होती है। प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों ने अनुशासन के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी निरंतर मेहनत कर जिले, संभाग और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा गरेवाल ने कहा कि जांजगीर शहर के लिए यह गौरव का विषय है कि राज्यभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की मेजबानी करने का अवसर मिला। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। अन्य अतिथियों ने भी अपने प्रेरक उद्बोधन से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आकर्षक मार्चपास्ट ने बांधा समां
समापन समारोह के दौरान खिलाड़ियों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया। मार्चपास्ट का नेतृत्व वरिष्ठ व्यायाम शिक्षक रमेश तिवारी ने किया। मैदान में विभिन्न संभागों के खिलाड़ियों का अनुशासित मार्चपास्ट दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों के बीच उत्साह का माहौल बना रहा।
जिला शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में सफल आयोजन
प्रतियोगिता का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता दीपक कुमार यादव एवं शिक्षिका श्रीमती प्रियंवदा गौरहा ने संयुक्त रूप से किया। आभार प्रदर्शन जिला क्रीड़ा अधिकारी सी.एस. महतो ने किया।
समारोह में पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी पी.एल. पाण्डेय, जिला हॉकी संघ अध्यक्ष गोपेश्वर कहरा, जिला हैंडबॉल संघ सचिव डॉ. जितेंद्र तिवारी, मलखंभ संघ के पुष्कर दिनकर, सोनू जायसवाल, ठा. राजीव सिंह, प्रेमलाल पांडेय, अमित यादव, हेमलता शर्मा (APC) तथा ए.बी.ई.ओ. पुष्पा कोरी सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, शिक्षक, प्रशिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में जिला क्रीड़ा अधिकारी सी.एस. महतो प्रमोद तिवारी, अशोक साहू, केशव साहू, अखिलेश, रविकांत राठौर, प्रीतम गरेवाल, विश्वरतन शर्मा, अशोक राठौर, सुशील अजय, रामकृष्ण तिवारी, गौरी साहू, धनमत महंत, मंजुला पांडेय, गजेन्द्र सिंह, दिनेश रात्रे, कृष्ण कुमार रात्रे, सुरेश हंस, राकेश राजपूत एवं राजकुमार ताम्रकार सहित अनेक लोगों का विशेष सहयोग रहा।
चार दिनों तक खेल प्रतिभा, अनुशासन और उत्साह से गुलजार रहा हाईस्कूल मैदान जांजगीर प्रतियोगिता के समापन के साथ ही खिलाड़ियों की यादों में एक शानदार खेल आयोजन के रूप में दर्ज हो गया। बस्तर की ओवरऑल चैंपियनशिप ने प्रतियोगिता के रोमांच को और बढ़ा दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here