Home चर्चा में केंद्रीय जेल में कृष्ण जन्माष्टमी पर गूंजे भजन, बंदियों ने उत्साह से...

केंद्रीय जेल में कृष्ण जन्माष्टमी पर गूंजे भजन, बंदियों ने उत्साह से फोड़ी मटकी

7
0

-विधायक श्री अमर अग्रवाल ने बंदियों को दिया श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने का संदेश

बिलासपुर, 4 सितंबर 2026/ केंद्रीय जेल बिलासपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और सौहार्द के साथ मनाया गया। जेल परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की आकर्षक सजावट की गई। बाल स्वरूप श्रीकृष्ण, झूले और धार्मिक सजावट ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल उपस्थित रहे। भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन में बंदियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके साथ ही मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बंदियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

श्री अमर अग्रवाल ने बंदियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने सत्य, धर्म, कर्म और सदाचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सकारात्मक सोच एवं अच्छे आचरण को जीवन में अपनाने की बात कही।

कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों में आध्यात्मिक एवं सकारात्मक भावनाओं का विकास करने तथा उन्हें भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बंदियों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की और उन्हें जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री खोमेश मंडावी, प्रभारी उप जेल अधीक्षक श्रीमती कोकिला वर्मा, सहायक जेल अधीक्षक श्री विजयानंद सिंह सहित जेल के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here