Home कोरबा सरस्वती शिशु मंदिर पाली में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस

सरस्वती शिशु मंदिर पाली में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस

6
0
पाली संवाददाता – दीपक शर्मा
पाली। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली में भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस कार्यक्रम का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधन समिति के व्यवस्थापक श्री कौशल सिंह राज, कोषाध्यक्ष बिहारीलाल नवलानी, संतोष श्रीवास, सुरेश सोनी, भैया लाल जायसवाल, शिवकुमार चौहान, अरविंद पांडे की उपस्थिति में माँ भारती, माँ सरस्वती, ब्रह्माण्ड के प्रतीक ओंकार तथा डॉ. राधाकृष्णन जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
   
इस अवसर पर विभाग स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भैया-बहनों को शील्ड एवं पदक देकर सम्मानित किया गया। शालिनी राज ने 3000 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान, सतीश कुमार ने 100 मीटर दौड़, ऊंची कूद एवं बाधा दौड़ में प्रथम स्थान तथा अनुज बैसवाड़े ने त्रिकूद में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। प्रबंधन समिति ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए मंगलमय शुभकामनाएं दीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में यलिनी साहू, गगन डिक्सेना, शुभया लक्ष्मी, प्रियांशी, सिमरन, वेदिका, इशिका सोनी, ऐश्वर्या, प्रियंका, भावना एवं भूमिका सहित अन्य बहनों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भैया लाल जायसवाल जी ने कहा कि शिक्षा में आध्यात्म एवं अनुशासन बच्चों को सही दिशा प्रदान करता है। शिवकुमार चौहान जी ने गुरु के महत्व एवं आज्ञा पालन पर प्रकाश डाला। बिहारीलाल नवलानी जी ने कहा कि अनुशासन एवं आचरण व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारता है। अरविंद पांडे जी ने व्यक्तित्व निर्माण के साथ राष्ट्र निर्माण की बात कही।
समापन अवसर पर व्यवस्थापक श्री कौशल सिंह राज जी ने खेल में विजेता भैया-बहनों को बधाई दी एवं सभी भैया-बहनों को आज्ञाकारी, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्राचार्य श्री चूड़ामणि साहू जी ने कहा कि शिष्य में गुरु के प्रति आदर भाव होना चाहिए और विद्यार्थियों की उपलब्धि ही हमारा गौरव है। इस अवसर पर प्रबंधन समिति द्वारा आचार्य परिवार को वस्त्र एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में कन्या भारती प्रमुख बहन वेदिका दुबे ने सभी अतिथियों एवं आचार्य परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज का दिन हमारे लिए गौरवशाली क्षण है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here