Home कोरबा शासकीय नवीन महाविद्यालय बांकी मोंगरा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 57वां...

शासकीय नवीन महाविद्यालय बांकी मोंगरा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 57वां राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्थापना दिवस,(स्वच्छता व एड्स जागरूकता की ली गई शपथ, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत)

1
0

कोरबा न्यूज 36गढ़ :– शासकीय नवीन महाविद्यालय बांकी मोंगरा में गुरुवार, 24 सितंबर को 57वां राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्थापना दिवस अत्यंत उत्साह और गरिमामय समारोह के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न रचनात्मक, जागरूकता गतिविधियों एवं श्रमदान का उत्कृष्ट आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ महाविद्यालय के आदरणीय प्राचार्य महोदय एवं मंचासीन प्राध्यापकों द्वारा विद्या की देवी माँ सरस्वती, युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।

‘मैं नहीं, आप’ का सेवाभाव एवं अनुशासन का पाठ

कार्यक्रम अधिकारी रघुराज सिंह तंवर ने अपने मुख्य उद्बोधन में बताया कि वर्ष 1969 में महात्मा गांधी जी की 100वीं जयंती के अवसर पर NSS की शुरुआत की गई थी। उन्होंने गांधी जी के ‘ग्राम स्वराज’ और स्वामी विवेकानंद के ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के आदर्शों को विस्तार से समझाया। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि NSS का मूलमंत्र “मैं नहीं, आप” केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज के प्रति समर्पण की भावना है। इसके साथ ही उन्होंने उच्च शिक्षा एवं रोजगार में मिलने वाले ‘B’ और ‘C’ सर्टिफिकेट के लाभों से भी अवगत कराया। इसी क्रम में उप कार्यक्रम अधिकारी पुरुषोत्तम सिंह कंवर द्वारा स्वयंसेवकों को NSS में अनुशासन के महत्व और जीवन में इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

जागरूकता की शपथ एवं स्वच्छता श्रमदान

कार्यक्रम के दौरान रेड रिबन क्लब के प्रभारी रविंद्र कुमार पैकरा द्वारा सभी उपस्थित जनों को एड्स बचाव एवं जागरूकता संबंधी शपथ दिलाई गई। तत्पश्चात, कार्यक्रम अधिकारी रघुराज सिंह तंवर के नेतृत्व में सभी ने स्वच्छता की शपथ ली और स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर में वृहद साफ-सफाई (श्रमदान) अभियान चलाया गया।साथ ही, युवाओं को ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत नशे से दूर रहकर एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया।

उपलब्धियों ने बढ़ाया महाविद्यालय का गौरव

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की गौरवशाली उपलब्धियों को साझा किया गया। बताया गया कि होनहार स्वयंसेवक अंजलि दास और रोहित ने विश्वविद्यालय स्तर के साथ-साथ राज्य स्तरीय कैंप (State Level Camp) में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इसके अलावा, इकाई द्वारा लगातार 4 सात-दिवसीय विशेष शिविरों का सफल आयोजन किया गया है और हाल ही में लगभग 60 स्वयंसेवकों ने ‘बी’ (B) प्रमाण-पत्र प्राप्त किया है।

प्रतियोगिताओं के विजेता व पुरस्कार वितरण

NSS स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इन प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे:
भाषण प्रतियोगिता: आस्था कंवर (बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता: रुचि और तनुजा (बी.कॉम तृतीय सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान हासिल किया।
रंगोली प्रतियोगिता: आस्था एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
क्विज प्रतियोगिता: राधिका (बी.कॉम तृतीय सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सभी विजेता प्रतिभागियों को मंचासीन अतिथियों के कर-कमलों से पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया।

मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन

कार्यक्रम का अत्यंत सुव्यवस्थित और प्रभावी मंच संचालन वरिष्ठ प्राध्यापक अशोक कुमार श्रीवास सर द्वारा किया गया। उन्होंने अपनी ऊर्जावान शैली से स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रवीण श्याम द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, सक्रिय स्वयंसेवकों और सफल आयोजन के लिए पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई। इस अवसर पर भारी संख्या में NSS स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं एवं महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here