कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने अब विपक्ष को अपने लपेटे में लिया है। अभिजीत दीपके ने विपक्षी दलों पर चुनाव लड़ने को लेकर तीखा हमला बोला है। CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने चुनावी धांधली के आरोपों को लेकर विपक्ष पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव रिग्ड हैं तो विपक्ष को चुनाव लड़ना बंद करना चाहिए। अभिजीत दीपके ने कहा कि विपक्ष को इस बात का डर है कि अगर वे चुनाव नहीं लड़ेंगे तो उनका अस्तित्व खत्म हो जाएगा। दीपके ने किसी भी विपक्षी पार्टी या नेता का नाम नहीं लिया। हालांकि उनका इशारा कांग्रेस, सपा, टीएमसी, डीएमके जैसे पार्टियों और उनके नेताओं की तरफ था।
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर विपक्ष को निशाने पर लिया। सीजेपी फाउंडर ने एक्स पर लिखा- हाँ, चुनावों में धांधली हो रही है। लेकिन जब आप धांधली वाले चुनावों में हिस्सा लेते रहते हैं, तो आप इन चुनावों को सही ठहराते हैं और यह भ्रम बनाए रखने में मदद करते हैं कि ये आज़ाद और निष्पक्ष हैं।
उन्होंने आगे लिखा- हो सकता है कि आप इसलिए चुनाव लड़ते रहें क्योंकि आपको डर है कि अगर आप ऐसा नहीं करेंगे, तो आपका वजूद खत्म हो जाएगा। लेकिन जब वोट चुराए जा रहे हों, आपके MLA और MPs को तोड़ा जा रहा हो, और आपकी पार्टियों को तोड़ा जा रहा हो, तो आप किस तरह के वजूद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं? यह राजनीतिक रूप से ज़िंदा रहना नहीं है। आप बस एक ऐसे सिस्टम में ज़िंदा रहने की कोशिश कर रहे हैं जो आपको कमज़ोर कर सकता है, आपकी पार्टी को तोड़ सकता है या जब चाहे आपके चुने हुए प्रतिनिधियों को छीन सकता है। आप इस तरह कब तक ज़िंदा रह सकते हैं?
अभिजीत दीपके ने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि और आप चुनाव में धांधली के बारे में सिर्फ़ तभी बात नहीं कर सकते जब यह आपके लिए मायने रखने वाले राज्यों में हो और जब यह कहीं और हो तो चुप रहें। अगर चुनावों में धांधली हो रही है, तो इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ना चाहिए, चाहे कोई भी राज्य हो या कोई भी पार्टी प्रभावित हो। आप यह कहते नहीं रह सकते कि खेल में धांधली हुई है और इसे खेलते रहें। आपका हिस्सा लेना ही इन धांधली वाले चुनावों को सही ठहराता है। अपने राजनीतिक अस्तित्व के बारे में सोचने से पहले देश और उसके लोकतंत्र के बारे में सोचें। स्टैंड लें और धांधली वाले चुनावों में हिस्सा लेना बंद करें।