Home मुख्य ख़बरें रायपुर में सनसनी: पंडरी में होर्डिंग पोल से लटका मिला युवक का...

रायपुर में सनसनी: पंडरी में होर्डिंग पोल से लटका मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान से गहराया हत्या का संदेह

12
0

रघुराज –

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बेहद हैरान और खौफनाक कर देने वाला मामला सामने आया है। शहर के व्यस्तम इलाकों में से एक पंडरी क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों ने एक कार शोरूम के पास लगे विशालकाय होर्डिंग पोल से एक युवक का शव लटकते हुए देखा। शव कपड़े के गमछे के सहारे होर्डिंग पोल से बांधकर लटकाया गया था। सुबह-सुबह इस तरह लाश मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता और गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को भी मौके पर बुलाया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल को सील कर वहां से फिंगरप्रिंट, भौतिक साक्ष्य और अन्य जरूरी सबूत जुटाए हैं, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

सिर पर चोट के निशान, हत्या या आत्महत्या पर सस्पेंस
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच और शव के पंचनामा के दौरान कई ऐसे चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं जो इस पूरी घटना को बेहद संदिग्ध बना रहे हैं। मृतक युवक के सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। सिर पर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने के साक्ष्यों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और हत्या करने के बाद साक्ष्य छुपाने या आत्महत्या का रूप देने की नीयत से शव को होर्डिंग पोल से लटकाया गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मृतक की शिनाख्त में जुटी पुलिस, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

फिलहाल मृत युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। उसने साधारण कपड़े पहने हुए हैं। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की शिकायतों का मिलान कर रही है ताकि मृतक की पहचान जल्द से जल्द की जा सके। इसके साथ ही, पुलिस आसपास की दुकानों, कार शोरूम और मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सोमवार की रात या मंगलवार तड़के कौन-कौन लोग इस इलाके में देखे गए थे।

शहर में फैली दहशत, पुलिस का जल्द खुलासे का दावा
दिनदहाड़े और मुख्य सड़क के पास हुई इस घटना से पंडरी और आसपास के रहवासियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद मेकाहारा अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर संभावित पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही इस गुत्थी को सुलझाकर पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here