लक्ष्मी नारायण लहरे/सारंगढ़। जिला मुख्यालय के ग्राम कुधरी में स्थित सियान सदन वृद्धाश्रम में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस गरिमामय और भावपूर्ण माहौल में मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना कर की गई। इसके बाद अतिथियों द्वारा वृद्धजनों को शाल भेंट कर सम्मानित किया गया और स्वल्पाहार कराकर उनका आशीर्वाद लिया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रांजल विशेष स्कूल, सारंगढ़ के दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा वेलफेयर फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं सारंगढ़ जिला इकाई के अध्यक्ष विशेष रूप से सियान सदन पहुंचे, वृद्धजनों से आत्मीय भेंट की और फल, भोजन सामग्री वितरित की।
सियान सदन की संस्था प्रमुख एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती हिरा देवी निराला ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारे बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज की मजबूत नींव हैं। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों के सम्मान, उनकी देखभाल और उनकी समस्याओं के प्रति समाज को जागरूक करना है। हमारी संस्था का संकल्प है कि यहाँ हर बुजुर्ग को परिवार जैसा अपनत्व, प्रेम और पूरा आदर मिले। बुजुर्गों की सेवा करना केवल कर्तव्य ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और संस्कारों की असली पहचान है। उन्होंने ईश्वर से सभी बुजुर्गों के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में फेडरेशन के पदाधिकारी आरुति सिंह , हेमंती भारती , मणिप्रभा तिवारी , रविता भारद्वाज ,शशिप्रभा, सियान सदन के कर्मचारी, ग्रामीणजन और बड़ी संख्या में बुजुर्ग उपस्थित रहे।







