कोरबा। महाराणा प्रताप नगर के मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम चेन स्नेचिंग की कोशिश का मामला सामने आया। बाइक सवार दो बदमाशों ने वॉकिंग पर निकली महिला के गले से सोने की चेन खींचने का प्रयास किया। हालांकि, साथ चल रही महिला की सूझबूझ और हिम्मत के चलते बदमाश चेन लूटने में सफल नहीं हो सके।
जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर निवासी श्रीमती कांता बरनवाल अपनी सहेली मधु सिंह के साथ शाम को महाराणा प्रताप नगर पार्क की ओर वॉकिंग के लिए जा रही थीं। इसी दौरान गायत्री ट्रेडर्स के पास पल्सर बाइक सवार दो युवक पीछे से पहुंचे। आरोप है कि बाइक सवारों ने कांता बरनवाल के गले से सोने की चेन खींचने की कोशिश की, जिससे वह सड़क पर गिर गईं।
घटना के दौरान साथ चल रहीं मधु सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए चेन पकड़ ली। खींचतान में चेन टूट गई, लेकिन मधु सिंह ने टूटी हुई चेन का हिस्सा मजबूती से पकड़े रखा। इसके चलते बदमाश चेन लेकर भागने में नाकाम रहे और मौके से फरार हो गए।

घटना में कांता बरनवाल के गले, हाथ और कमर में चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी और CSP मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
त्योहारों को देखते हुए पुलिस की अपील
नवरात्रि और दीपावली के मद्देनजर बाजारों और मुख्य मार्गों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
महिलाओं के लिए पुलिस की सलाह:
- शाम के समय टहलने या बाजार जाने के दौरान भारी सोने के आभूषण पहनने से बचें।
- बुजुर्ग महिलाएं सुनसान रास्तों पर अकेले जाने से बचें और संभव हो तो किसी को साथ रखें।
- गले में चेन पहनने पर उसे दुपट्टे या कपड़ों से ढककर रखें।
- संदिग्ध बाइक सवार या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल 112 या नजदीकी थाने को दें।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा जताते हुए कहा है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।







