आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग। शासकीय प्राथमिक शाला समोदा में ‘आओ खुशियां बांटें’ अभियान के तहत एक आत्मीय और प्रेरक पहल देखने को मिली। विद्यालय के प्रधान पाठक कैलाश कुमार ध्रुव ने अपने नाती भव्यांश नेताम का जन्मदिन स्कूली बच्चों के संग सादगी और उमंग के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में न्योता भोज का आयोजन कर सभी 71 विद्यार्थियों को खीर, पूड़ी, बड़ा और भजिया जैसे स्वादिष्ट व्यंजन अपने हाथों से परोसे। मनपसंद भोजन पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

भोज के दौरान प्रधान पाठक श्री ध्रुव ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें रोचक बाल गीत सुनाए, जिस पर बच्चे झूमते नजर आए। उन्होंने बच्चों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देते हुए कहा कि मेहनत और लगन से पढ़ाई कर जीवन में खूब आगे बढ़ें। खुशियां बांटने की इस अनूठी पहल ने पूरे शालेय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।
इस गरिमामय आयोजन में शालेय परिवार के मन्नू साहू, घनश्याम आंवले, सीमा भांडेकर, तनुजा साहू, शासकीय प्राथमिक शाला चपरीद के प्रधान पाठक मृणाल मूर्ति पांडे तथा विद्यालय के रसोइया गण सत्या, अहिल्या,मोहन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी ने भव्यांश नेताम को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए प्रधान पाठक की इस सामाजिक व संवेदनशील पहल की मुक्तकंठ से सराहना की।







