Home चर्चा में जीपीएम में गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा, 245 किलो गांजा...

जीपीएम में गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा, 245 किलो गांजा के साथ बस चालक समेत दो गिरफ्तार

8
0

मलकानगिरी से Jaguar Travels की बस में हो रही थी गांजे की तस्करी, करीब 1.22 करोड़ रुपये का गांजा बरामद

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पेंड्रा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यात्री बस से करीब 245 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में बस चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर निगरानी, सूचना संकलन एवं सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पेंड्रा पुलिस को गांजा तस्करी के संबंध में सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना पेंड्रा अपराध क्रमांक 345/2026, धारा 20(b)(II), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

49 पैकेटों में छिपाकर रखा गया था गांजा

पुलिस ने यात्री बस की जांच के दौरान करीब 245 किलोग्राम गांजा बरामद किया। गांजा कुल 49 पैकेटों में रखा गया था, जिसमें प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग 5 किलोग्राम बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त Jaguar Travels की टाटा कंपनी की 44 सीटर स्लीपर बस, जिसका पंजीयन क्रमांक OD30D0606 है, भी जब्त की गई है। बस की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तीन मोबाइल हैंडसेट भी जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।

बस चालक समेत दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

1. दिलीप कुमार हिंडिया
पिता – स्व. कुमार हिंडिया
निवासी – नायपुरा, तहसील माथिली, जिला मलकानगिरी, ओडिशा।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उक्त बस का मालिक एवं चालक है तथा गांजे के अवैध परिवहन में स्वयं शामिल था।

2. भीमसेन केवट
पिता – रामफल केवट
उम्र – 30 वर्ष
निवासी – धनौरा, मौहरपारा, थाना मरवाही, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।

पुलिस जांच के अनुसार भीमसेन केवट कटघोरा से बस में सवार हुआ था और वाहन चालक को आगे का रास्ता बताते हुए उसके साथ चल रहा था।

मलकानगिरी से पेंड्रा तक तस्करी का रूट

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी दिलीप कुमार हिंडिया मलकानगिरी, ओडिशा से गांजा लेकर कोरबा एवं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में सप्लाई करने के उद्देश्य से आया था।

पुलिस के अनुसार गांजा तस्करी का संभावित रूट:

मलकानगिरी → बोरई → धमतरी → रायपुर → बिलासपुर → पाली → कटघोरा → पसान → पेंड्रा

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े सप्लायर, परिवहनकर्ता, रिसीवर और अन्य सहयोगियों की पहचान एवं भूमिका की जांच कर रही है।

आर्थिक लेन-देन की भी होगी जांच

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े आगे और पीछे के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध धनराशि और उससे जुड़े आर्थिक लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

संयुक्त पुलिस टीम ने की कार्रवाई

पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक रणक्षोर सिंह सेंगर, थाना प्रभारी पेंड्रा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गगन तिवारी, प्रधान आरक्षक पवन राठौर, प्रधान आरक्षक मोती राम पैंकरा, आरक्षक प्रमोद खलखो, उप निरीक्षक सनत मात्रे, चौकी प्रभारी खोंडरी, उप निरीक्षक अजय वारे, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश बघेल, सहायक उप निरीक्षक सहस राम रजक, आरक्षक सनी कौशले, उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव, आरक्षक गिरवर पैंकरा सहित साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार हनोतिया, प्रधान आरक्षक रवि त्रिपाठी, आरक्षक सुरेन्द्र विश्वकर्मा, आरक्षक हर्ष गहरवार एवं आरक्षक दुष्यंत मसराम की संयुक्त टीम शामिल रही।

मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई जारी

जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पुलिस के अनुसार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जिले में गांजा, शराब, नशीली दवाओं एवं अन्य मादक पदार्थों के अवैध परिवहन, भंडारण और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here