Home कोरबा लक्ष्मण नाला के चौड़ीकरण एवं नए पुल निर्माण की मांग, कलेक्टर को...

लक्ष्मण नाला के चौड़ीकरण एवं नए पुल निर्माण की मांग, कलेक्टर को सौंपा आवेदन

14
0

गुरदीप सिंह/बांकीमोंगरा। वार्ड क्रमांक 20, नेहरू नगर एवं शांति नगर कुसमुंडा क्षेत्र में स्थित लक्ष्मण नाला की जर्जर एवं संकरी स्थिति को लेकर नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के पार्षद नवीन कुमार कुकरेजा ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर नाला चौड़ीकरण एवं नए पुल-पुलिया निर्माण की मांग की है।

आवेदन में बताया गया है कि लक्ष्मण नाला वर्तमान में काफी संकरा हो चुका है। बारिश के दिनों में नाले में जलभराव एवं गाद (मलबे) के जमाव के कारण आसपास के रिहायशी मकानों और सड़कों पर पानी भरने की स्थिति निर्मित हो जाती है। वहीं नाले पर बना वर्तमान पुल भी अत्यंत जर्जर एवं संकरा होने के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पार्षद ने बताया कि पुल के संकरे एवं जर्जर होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है, विशेषकर स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति चिंताजनक है। इसके अलावा नाले एवं पुल की कम चौड़ाई के कारण यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति भी निर्मित होती है।

उन्होंने कलेक्टर से लक्ष्मण नाला के उचित चौड़ीकरण एवं सफाई की स्वीकृति देने तथा सुरक्षित आवागमन के लिए नए एवं चौड़े पुल/पुलिया निर्माण हेतु संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है।

क्षेत्रवासियों ने भी इस समस्या के जल्द निराकरण की मांग करते हुए कहा कि नाला एवं पुल का निर्माण/चौड़ीकरण होने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कम होगी और क्षेत्र में आवागमन भी सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here