Home चर्चा में कोमाखान में लोकतंत्र के ‘काला दिवस’ पर फूटा कांग्रेस का आक्रोश, विधायक...

कोमाखान में लोकतंत्र के ‘काला दिवस’ पर फूटा कांग्रेस का आक्रोश, विधायक व जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने केंद्र की नीतियों पर साधा तीखा निशाना

11
0

अब्दुल रफ़ीक खान/कोमाखान (महासमुंद):

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देशानुसार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोमाखान द्वारा गुरुवार को बस स्टैंड परिसर में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों पर पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए दुर्व्यवहार व कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने इसे ‘काला दिवस’ के रूप में मनाया।

​इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से क्षेत्रीय विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए विधायक व जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने केंद्र सरकार पर जमकर प्रहार किया और उसकी कार्यशैली तथा नीतियों को पूरी तरह विनाशकारी व जनविरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रख रहे जननायक राहुल गांधी और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर लाठीचार्ज करवाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं की सरेआम हत्या है। केंद्र सरकार पुलिसिया दमन के बल पर विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

​ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज सिन्हा ने किया आह्वान:
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोमाखान के अध्यक्ष खेमराज सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। श्री सिन्हा ने कहा कि केंद्र की गैर-जिम्मेदार सरकार के तानाशाही रवैये के खिलाफ कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर संघर्ष करने को तैयार है।

​केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी:
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए आक्रोश व्यक्त किया। नेताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जब तक लोकतंत्र और संविधान की रक्षा सुनिश्चित नहीं होती, कांग्रेस का यह आंदोलन ब्लॉक स्तर से लेकर संसद तक निरंतर जारी रहेगा।

​इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी, महामंत्री वसीम रज़ा, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here