हिमाचल कुमार/धमधा। धमधा–खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम करीब 4:05 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, धमधा से छुट्टी के बाद बच्चों को घर लेकर जा रही स्कॉर्पियो (CG 04 HB 7637) परसबोड़ चौक के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, वाहन में करीब 15 से 16 स्कूली बच्चे सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्री प्रतीक्षालय का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर पड़ा और स्कॉर्पियो के अगले हिस्से को भी काफी नुकसान पहुंचा।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में मदद की। राहत की बात यह रही कि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं मिली। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
इस घटना ने एक बार फिर स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि हादसे में बच्चों को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा, अन्यथा स्थिति और भयावह हो सकती थी।
सड़क सुरक्षा जरूरी है। वाहन चालकों को गति पर नियंत्रण रखने और बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने की जिम्मेदारी का गंभीरता से पालन करना चाहिए।







