दंतेवाड़ा संवाददाता – रिकेश्वर राणा
दंतेवाड़ा। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन से ही बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए कतारों में लग रहे हैं। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ दर्शन को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष तैयारियां की हैं।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अनुसार, नक्सलवाद के अंत के बाद इस बार शारदीय नवरात्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के दंतेश्वरी मंदिर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंदिर परिसर में मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। श्रद्धालुओं के मोबाइल सुरक्षित रखने के लिए मंदिर के बाहर काउंटर की व्यवस्था की गई है।

रील्स और फोटोग्राफी के कारण भीड़ बढ़ने की आशंका
मंदिर समिति और जिला प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालु कतार में खड़े होकर मोबाइल से रील्स बनाने, वीडियो शूट करने और फोटो खींचने लगते हैं। इससे दर्शन के लिए आगे बढ़ने की प्रक्रिया प्रभावित होती है और भीड़ बढ़ने की स्थिति बनती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए 400 पुलिस जवान तैनात

नवरात्र के दौरान मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लगभग 400 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस और जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने तथा दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन का प्रयास है कि नवरात्र के दौरान मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरा आयोजन सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।







