सारंगढ़ संवाददाता अशोक मनहर
एसपी सुनील शर्मा और एएसपी धीरेन्द्र पटेल ने रैंक बैज लगाकर दी बधाई, पदोन्नति से पुलिस विभाग में हर्ष का माहौल
सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस में पदोन्नति के क्रम में बिलाईगढ़ में पदस्थ अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) दीपिका मिंज को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर पदोन्नति मिली है। 17 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल ने उनके कंधों पर अशोक स्तंभ रैंक बैज लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वर्ष 2015 बैच की डीएसपी दीपिका मिंज पुलिस विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं। उन्होंने कोरबा, अंबिकापुर, चौथी बटालियन माना (रायपुर) और चिरमिरी में अपनी जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्तमान में वे बिलाईगढ़ में एसडीओपी के पद पर पदस्थ हैं।
दीपिका मिंज की पदोन्नति से जिले के पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने विश्वास जताया कि वे नई जिम्मेदारी में भी पूरी निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी।







