Home चर्चा में बिलासपुर के अटल आवास में आग का तांडव, जान बचाने छत से...

बिलासपुर के अटल आवास में आग का तांडव, जान बचाने छत से कूदे लोग, 6 बाइक जलकर खाक

3
0
बिलासपुर संवाददाता – योगेंद्र राठौर
75 से अधिक लोगों का रेस्क्यू, 6 बाइक जलकर खाक; एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में रविवार देर रात मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटों और धुएं के कारण आवास में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। घटना के समय बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग अपने घरों में मौजूद थे। आग और धुएं से बचने के लिए कुछ महिलाओं और बच्चों ने पहली और दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इस दौरान एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना सामने आई है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी की मौत की खबर नहीं है।
आग की लपटें देख दहशत में आए लोग
जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र के मुक्तिधाम के पास बने अटल आवास के ग्राउंड फ्लोर में रविवार देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से आवास के बाहर खड़ी करीब छह बाइक जलकर खाक हो गईं। आग से उठते धुएं के कारण लोगों को सांस लेने और बाहर निकलने में परेशानी होने लगी। कई लोग अपने परिवार के साथ आवास के भीतर फंस गए, जिससे मौके पर दहशत का माहौल बन गया।
रस्सी और कपड़ों के सहारे निकाले गए लोग
आग से बचने के लिए कुछ महिलाएं और बच्चे जान जोखिम में डालकर ऊपरी मंजिलों से नीचे कूद गए। वहीं, आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए रस्सी और कपड़ों की मदद से छत पर फंसे लोगों को सुरक्षित नीचे उतारने में मदद की। घटना के दौरान 75 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किए जाने की जानकारी सामने आई है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया।
दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद आग बुझाने और आवास में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। सरकंडा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आग से हुए कुल नुकसान का आकलन भी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बड़ा सवाल: अटल आवास जैसे घनी आबादी वाले परिसर में आग लगने के दौरान लोगों की सुरक्षा और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था कितनी प्रभावी है? इस घटना ने आवासीय परिसरों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here