गुरदीप सिंह –
कुसमुंडा के आदर्श नगर छठ घाट में आस्था का महापर्व छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। व्रती महिलाओं ने नदी के पानी में खड़े होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का समापन हो गया।
व्रती महिलाओं ने सूर्य देव और छठी मैया की पूजा कर संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। अर्घ्य देने के बाद महिलाओं ने व्रत का पारण किया। इस दौरान घाटों पर परिवार के लोग भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर श्रद्धा और उत्साह के साथ पर्व मनाया।
–
घाटों पर उमड़ी भीड घाटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह होते ही घाटों पर पूजा-पाठ शुरू हो गया। महिलाओं ने सूप में फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री रखकर सूर्य देव को अर्घ्य दिया। घाटों पर सुबह से ही छठी मैया के गीत गूंजते रहे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए घाटों पर विशेष इंतजाम किए गए थे।
छठ महापर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाता है। इस पर्व में सूर्य देव और छठी मैया की उपासना की जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार सूर्य को ऊर्जा और जीवन का आधार माना जाता है। यह पर्व प्रकृति और जल के प्रति आभार जताने का भी प्रतीक है। इसमें स्वच्छता, संयम और शुद्धता का विशेष महत्व होता है।







