करतला/केरवाद्वारी। छत्तीसगढ़ शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना के तहत केरवाद्वारी धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी की बोहनी उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामपुर विधायक श्री फूल सिंह राठिया तथा जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष श्री मनोज झा शामिल हुए। शुभारंभ के साथ ही केंद्र में पहले दिन कुल 165 क्विंटल 20 किलो धान की खरीदी* की गई। इस दौरान किसान रामधन पटेल, लीलाराम खांडे, महेंद्र कुमार साहू एवं भगवती बाई साहू ने अपना धान विक्रय किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक फूल सिंह राठिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान किसान और खेती-किसानी से है। किसानों की मेहनत प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव है। शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी बिचौलिए या दलाल के झांसे में न आएं और अपनी मेहनत की उपज सीधे धान उपार्जन केंद्र में शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही बेचें। उन्होंने कहा कि किसान किसी अनजान व्यक्ति को अपने दस्तावेज या अन्य जरूरी जानकारी न दें तथा धान खरीदी से संबंधित किसी भी समस्या के लिए केंद्र के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करें।

वहीं जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष मनोज झा ने कहा कि धान खरीदी का शुभारंभ किसानों के लिए खुशी और उम्मीद का अवसर है। किसान पूरे वर्ष मेहनत करके अपनी फसल तैयार करते हैं, इसलिए उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने किसानों को बिचौलियों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसान अपनी उपज का विक्रय स्वयं शासन के निर्धारित धान खरीदी केंद्र में करें। किसी भी दलाल के बहकावे में आकर अपनी फसल कम कीमत पर न बेचें। उन्होंने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देना हम सभी की जिम्मेदारी है। केंद्र में किसानों के लिए बेहतर व्यवस्था हो तथा तौल, टोकन और खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र के सभी किसान भाइयों को धान खरीदी सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसानों की खुशहाली से ही गांव, क्षेत्र और प्रदेश का विकास संभव है।
इस अवसर पर प्रबंधक जिला सहकारी बैंक बरपाली सतीश कुमार राठौर, पीयूष गुरुद्वान, आकाश सक्सेना, मजीद खान, विमल जायसवाल, ईश्वर राठिया, राकेश यादव, संजू वैष्णव, आकाश पता , प्रबंधक जितेंद्र गोस्वामी, प्रभारी विजय कुमार राठिया, केरवाद्वारी सरपंच परमेश्वर राठिया, बांधापाली सरपंच कैलाश राठिया, सचिव, डाटा एंट्री ऑपरेटर कोसलेन्द्र जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
धान खरीदी की बोहनी के साथ ही केंद्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने किसानों को शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि वे शासन की निर्धारित व्यवस्था का लाभ उठाएं और किसी भी बिचौलिए के चक्कर में न पड़कर सीधे उपार्जन केंद्र में अपनी उपज का विक्रय करें।







