आरंग संवाददाता – सोमन साहू
यशवंत टंडन की अध्यक्षता में हुई बैठक, समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने पर की चर्चा
आरंग। आगामी 15 दिसंबर 2026 को आरंग में आयोजित होने वाली विशाल सतनाम शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर सतनाम भवन आरंग में सतनामी समाज विकासखंड आरंग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विकासखंड अध्यक्ष यशवंत टंडन ने की। बैठक में प्रस्तावित शोभायात्रा के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में शोभायात्रा की रूपरेखा, आयोजन की तैयारियों, समाज की सहभागिता तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। समाज के लोगों ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए सामूहिक सहभागिता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर अध्यक्ष यशवंत टंडन ने कहा कि सतनाम शोभायात्रा केवल एक धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि सतनामी समाज की गौरवशाली परंपरा, गुरुजनों के विचारों और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने समाज के सभी सामाजिक बंधुओं, माताओं-बहनों, युवाओं एवं वरिष्ठजनों से 15 दिसंबर को आयोजित होने वाली विशाल सतनाम शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की। बैठक में उपस्थित समाजजनों ने भी आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए अपना सहयोग और सहभागिता देने का संकल्प व्यक्त किया।







