रायपुर –
छत्तीसगढ़ के छोटे से गांव से निकलकर यूरोप के ट्रैक तक का सफर तय करने वाले अनिमेष कुजूर इन दिनों देशभर में चर्चा का विषय बने हुए हैं। 5 जुलाई को ग्रीस के वारी शहर में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में उन्होंने 100 मीटर दौड़ सिर्फ 10.18 सेकंड में पूरी कर भारत का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
हालांकि रेस में अनिमेष तीसरे स्थान पर रहे, लेकिन यह प्रदर्शन भारत के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। इससे पहले यह रिकॉर्ड गुरइंदरबीर सिंह के नाम था। उनके आगे इस दौड़ में दक्षिण अफ्रीका के बेंजामिन रिचर्डसन (10.01 सेकंड) और ओमान के अली अल बलूशी (10.12 सेकंड) थे।
अनिमेष जशपुर जिले के आदिवासी गांव घुइतांगर से ताल्लुक रखते हैं। उनके माता-पिता दोनों छत्तीसगढ़ पुलिस में डीएसपी पद पर कार्यरत हैं। माता-पिता का कहना है कि उन्हें बेटे पर गर्व है, और यह सिर्फ शुरुआत है।









