कोरबा जिले का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेंगा इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में है। शुक्रवार की देर रात रिसोर्ट परिसर के गार्डन क्षेत्र में अचानक दो जंगली भालू आ धमके। भालुओं को गार्डन में घूमते देख वहां मौजूद पर्यटक और कर्मचारी घबरा गए। घटना के बाद कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भालू पास के जंगल से निकलकर सीधे गार्डन में पहुंचे। वे लंबे समय तक वहां घूमते और खेलते रहे। इस दौरान पर्यटक अपने कमरों में दुबक गए और रिसोर्ट के कर्मचारी सुरक्षित जगह छिप गए। कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।









