कोरबा-
जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। गेवरा रोड रेलवे स्टेशन के पास दीपका के बीकन इंग्लिश मीडियम स्कूल में कार्यरत एक शिक्षक की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि अभी स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 50 वर्षीय संतोष नायर के रूप में हुई है, जो दीपका के ऊर्जा नगर में रहते थे। बताया जा रहा है कि वह करीब दो वर्ष पहले केरल से कोरबा आए थे और बीकन इंग्लिश स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने रेल पुलिस और कुसमुंडा थाना पुलिस को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। मौके से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जो लॉक होने के कारण फिलहाल एक्सेस नहीं किया जा सका है। पुलिस का कहना है कि फोन अनलॉक कर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि उन्होंने मौत से पहले किसी से बातचीत की थी या नहीं।
स्कूल प्रबंधन और सहकर्मी शिक्षक घटना की खबर सुनते ही मौके पर पहुंच गए। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल यह साफ नहीं है कि शिक्षक की मौत आत्महत्या थी या किसी और वजह से हुई। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।









