Home जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में NH-49 पर बड़ा सड़क हादसा: ट्रक और स्कॉर्पियो...

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में NH-49 पर बड़ा सड़क हादसा: ट्रक और स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर में भारतीय सेना के दो जवान समेत पांच लोगों की मौत, बारात से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

410
0

जांजगीर-चांपा-

जिले में नेशनल हाइवे 49 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में भारतीय सेना के दो जवान भी शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ जब सभी लोग अपने दोस्त की बारात से लौटकर नवागढ़ की ओर जा रहे थे। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में सुकली के पास रात लगभग 1 बजे की बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रायगढ़ की तरफ से बिलासपुर जा रहा एक ट्रक और जांजगीर से नवागढ़ जा रही स्कॉर्पियो सुकली के निकट आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का एक हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वाहन के दरवाजों और शीशों पर खून के निशान तक दिखाई दिए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पांच की मौत, तीन गंभीर

स्कॉर्पियो में सवार सभी पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान विश्वनाथ देवागन, पोमेश्वर जलतारे, भूपेंद्र साहू, कमलनयन साहू और राजेंद्र कश्यप के रूप में हुई है। ये सभी नवागढ़ के शांति नगर क्षेत्र के निवासी थे।

शहीद हुए दो सैन्यकर्मी

हादसे में जान गंवाने वालों में दो भारतीय सेना के जवान राजेंद्र कश्यप और पोमेश्वर जलतारे शामिल हैं। राजेंद्र कश्यप हाल ही में शादी के बाद दो महीने की छुट्टी पर घर आया था—और हादसे से महज आठ दिन पहले ही उसकी शादी हुई थी। वहीं पोमेश्वर जलतारे भी छुट्टी पर अपने घर पहुंचे थे। दोनों अपने दोस्तों के साथ पंतोरा में आयोजित एक बारात में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

परिवार और गांव में मातम

घटना के बाद शांति नगर में मातम पसर गया है। एक नवविवाहित जवान और दूसरा ड्यूटी से छुट्टी पर घर लौटा सैनिक—दोनों की अचानक मौत से गांव के लोग सदमे में हैं। पुलिस मामले की जांच कर ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here