जीपीएम संवाददाता – तापस शर्मा
गौरेला:
गौरेला के ग्राम खोडरी में किसानों का टोकन न मिलने और धान खरीदी की लिमिट न बढ़ाए जाने के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। परेशान किसान खरीदी केंद्र के मुख्य गेट को बंद कर उसमें और उसके बाहर धरना पर बैठ गए।किसानों ने बताया कि वे समय-समय पर टोकन लें उसके लिए विभाग की ऐप का उपयोग करते हैं, लेकिन जब भी ऐप खोलते हैं तो ‘लिमिट फुल’ का मैसेज आ जाता है। प्रशासन ने न तो टोकन जारी करने की व्यवस्था की है और न ही खरीदी की लिमिट बढ़ाई है, जिससे सैकड़ों किसानों को अपनी फसल बेचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
समिति प्रबंधक भूपेंद्र सिंह क्षत्रि ने कहा कि प्रतिदिन 930 क्विंटल धान की खरीदी की जाती है, जिसमें 70 प्रतिशत मात्रा ऑनलाइन टोकन के माध्यम से और 30 प्रतिशत समिति के निर्देशानुसार खरीदी की जाती है। वर्तमान में टोकन जारी करने की योजना पूर्वानुसार ही लागू है, इसलिए जो पहले आते हैं, उनकी ही खरीदी हो पाती है।धरने में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए, जिनमें गोपाल राठौर, कमलेश राठौर, लक्ष्मी नारायण गुर्जर, उदय गोंड, सचिन गुर्जर, दीप नारायण गुर्जर, अयोध्या गुर्जर, श्रीराम सिंह, गंगा गुर्जर, पीताम्बर सिंह सहित कई अन्य किसान मौजूद थे।किसान प्रशासन से जल्द टोकन की आपूर्ति और खरीदी की सीमा बढ़ाकर उनकी परेशानियों को दूर करने की मांग कर रहे हैं।










