रायपुर-
छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों में पिछले तीन दिनों से सुबह के समय घने कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बीते करीब दस दिनों से इन क्षेत्रों में रात का न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। फिलहाल पूरा प्रदेश तीखी ठंड की चपेट में है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना बनी हुई है। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह के वक्त कोहरे का असर ज्यादा रह सकता है।
इन जिलों में कोहरे का ज्यादा असर
मौसम विभाग ने बताया है कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों के एक-दो इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
तापमान का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा दुर्ग संभाग के कुछ क्षेत्रों में शीत लहर का असर भी महसूस किया गया।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज यानी 23 दिसंबर को हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यहां अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।









