रायपुर संवाददाता – रघुराज
रायपुर, 7 फरवरी 2026।
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आज विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। क्षेत्र में ₹3.16 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी कार्यक्रम में शामिल हुए और विकास कार्यों को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि रायपुर पश्चिम की जनता की सुख-सुविधा और खुशहाली उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आज क्षेत्रवासियों को सड़कों, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों की सौगात दी गई है।

सड़कों के कायाकल्प के तहत खमतराई, ठक्कर बापा, नेताजी कन्हैयालाल बाजारी और तिलक नगर वार्ड में ₹2.34 करोड़ की लागत से डामरीकरण एवं कंक्रीटीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से क्षेत्रवासियों को धूल, कीचड़ और खराब सड़कों की समस्या से राहत मिलेगी तथा आवागमन सुगम होगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए नेताजी कन्हैयालाल बाजारी वार्ड में ₹38.45 लाख की लागत से नवनिर्मित ओपीडी कक्ष एवं दवा केंद्र का लोकार्पण किया गया। इस केंद्र से नागरिकों को प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाइयों की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।

शिक्षा और बाल विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय पहल की गई। वीर शिवाजी वार्ड स्थित विद्यालय में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण का शुभारंभ किया गया, वहीं नेताजी कन्हैयालाल बाजारी वार्ड में ₹18 लाख की लागत से बने नए आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण हुआ, जिससे बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने सफाई और नाली संबंधी समस्याएं सामने रखीं। विधायक ने मंच से ही जोन कमिश्नर को निर्देश दिए कि 48 घंटे के भीतर सर्वे कर समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस त्वरित कार्रवाई की घोषणा पर उपस्थित लोगों ने सराहना की।
इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्री सूर्यकांत राठौर, सभी पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम विकास, विश्वास और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक बनकर सामने आया। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इसी तरह निरंतर विकास कार्य होते रहेंगे।









