बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर-रामानुजगंज, 28 फरवरी 2026।
जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर अब ऑनलाइन चालान जारी किया जाएगा। आम नागरिकों में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से 28 फरवरी 2026 से जिले में ई-चालान प्रणाली की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिला अंतर्गत पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में यह व्यवस्था लागू की गई है। प्रथम चरण में बलरामपुर, रामानुजगंज और वाड्रफनगर थाना क्षेत्रों में ई-चालान प्रक्रिया शुरू की गई है। जल्द ही इसे पूरे जिले में लागू किया जाएगा।
मौके पर ही डिजिटल चालान
नई व्यवस्था के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर मौके पर ही डिजिटल माध्यम से चालान जारी किया जाएगा। नागरिक चालान की राशि नगद, ऑनलाइन (बारकोड या यूपीआई) और कार्ड के माध्यम से जमा कर सकेंगे।
पुलिस विभाग का कहना है कि पेपरलेस चालान प्रक्रिया से समय की बचत होगी, रिकॉर्ड संधारण आसान होगा और पारदर्शिता बढ़ेगी।

सड़क सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
यातायात प्रभारी विमलेश देवांगन ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने दोपहिया वाहन पर ट्रिपल सवारी न बैठाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करने, वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की समझाइश दी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन चालान प्रणाली का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।









