छत्तीसगढ़ के वन क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बकरी चराने जंगल गए एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
यह मामला वनमंडल कटघोरा के अंतर्गत ग्राम घुंचापुर के आश्रित गांव भुजंगकछार (सलाई गोट) के जंगल का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, संतोष नामक ग्रामीण रोज की तरह अपनी बकरियां चराने जंगल गया था। शाम होने पर बकरियां तो घर लौट आईं, लेकिन संतोष वापस नहीं पहुंचा।
परिजनों को चिंता हुई तो उन्होंने आसपास के जंगल में उसकी तलाश शुरू की। बाद में गांव के कई लोग एकजुट होकर टॉर्च की रोशनी में घने जंगल के भीतर खोजबीन करने लगे। कई घंटों की तलाश के बाद रात करीब 12 बजे कोट नाला के पास संतोष का शव खून से लथपथ हालत में मिला। बताया जा रहा है कि भालू ने उसके सिर पर गंभीर हमला किया था।
घटना की सूचना गांव के सरपंच द्वारा कोरबी चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का वातावरण है और उन्होंने वन क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।









