बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
बीजापुर 10 नवम्बर 2026- जिले में तसर रेशम पालन को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण हितग्राहियों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मिन्कापल्ली तसर केंद्र के हितग्राहियों को पालित प्रजाति के स्वस्थ डिम्ब समूह वितरण योजना के अंतर्गत 3,000 स्वस्थ डिम्ब समूह वितरित किए गए। ये स्वस्थ डिम्ब समूह केंद्रीय रेशम बोर्ड की इकाई बीएसएमटीसी बस्तर से प्राप्त किए गए। वितरित डिम्ब समूहों का कुल मूल्य 48 हजार रुपये है, जिस पर हितग्राहियों को शासन की ओर से 42 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई। इस प्रकार हितग्राहियों का कुल अंशदान मात्र 6 हजार रुपये रहा।
स्वस्थ डिम्ब समूहों के वितरण से तसर पालकों को गुणवत्तापूर्ण कोसा उत्पादन करने तथा अपनी अतिरिक्त आय बढ़ाने में सहायता मिलेगी। योजना के माध्यम से हितग्राहियों को कम लागत में तसर कृमिपालन करने का अवसर प्राप्त हुआ है।
इस पहल से क्षेत्र में तसर रेशम पालन को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ ग्रामीण परिवारों की आजीविका सुदृढ़ होने तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
स्वस्थ डिम्ब समूह वितरण योजना तसर पालकों को आर्थिक सहायता प्रदान कर तसर रेशम उत्पादन एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।







