-जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने किया स्वागत
अर्जुन झा/बकावंड। छत्तीसगढ़ विधानसभा में बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल के उपनेता प्रतिपक्ष नियुक्त होने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत पाहुरबेल के सरपंच, पंचों और ग्रामीणों ने विधायक निवास में पहुंचकर श्री बघेल का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत पाहुरबेल के जनप्रतिनिधियों ने कहा कि श्री बघेल का उपनेता प्रतिपक्ष बनना पूरे बस्तर क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उनके नेतृत्व में क्षेत्र की जनसमस्याओं को विधानसभा स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा तथा विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। विधायक श्री बघेल ने सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सदैव क्षेत्र की जनता के विश्वास एवं अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। इस दौरान ग्राम पंचायत पाहुरबेल के सरपंच, पंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और सभी ने विधायक जी के उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।









