Home चर्चा में सतनाम मंदिर का प्राचीन गुंबज कलश चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कलश...

सतनाम मंदिर का प्राचीन गुंबज कलश चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कलश बरामद

5
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
 आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
 अकलतरा पुलिस की बड़ी कार्यवाही
जांजगीर-चांपा पुलिस ने थाना अकलतरा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर से चोरी हुए प्राचीन गुंबज कलश के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया कलश बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर भारत का पांचवा सतनाम तीर्थ स्थल है, जो सतनाम समाज के आस्था का प्रमुख केन्द्र है। मंदिर में लगा गुंबज कलश लगभग वर्ष 1945 में स्थापित किया गया था, जो समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रतीक था।
दिनांक 17-18.10.2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर द्वारा उक्त कलश को चोरी कर लिया गया था। पूर्व में भी उक्त मंदिर के विभिन्न संसाधनों को असामाजिक तत्वों द्वारा चोरी एवं क्षति कारित किया जा चुका है। कलश चोरी की घटना से समाज में आक्रोश व्याप्त था।
प्रकरण में थाना अकलतरा में अपराध पंजीबद्ध कर श्रीमान पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के दिशा निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलेन्डन यार्क के कुशल मार्गदर्शन में एवं डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, अकलतरा के पर्यवेक्षण में अकलतरा पुलिस द्वारा विवेचना की गई।
विवेचना के दौरान ग्राम में सीसीटीवी कैमरा का अभाव होने के कारण पुलिस द्वारा लगातार स्थानीय सूत्रों से संपर्क स्थापित कर पतासाजी की गई। पतासाजी के आधार पर प्रकरण के आरोपी शुभम शर्मा पिता हरिशंकर शर्मा, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम पचरी, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह शराब पीने का आदी है। घटना दिनांक को शराब पीने के लिए पैसा नहीं होने पर पैसों के जुगाड़ के लिए उसने गांव के तालाब के पास स्थित मंदिरों के कलश को चोरी करने की योजना बनाई। शिव मंदिर का कलश ऊंचाई पर होने के कारण उसने बगल में स्थित गुरूघासीदास बाबा जी के मंदिर का गुंबज कलश, जिसकी ऊंचाई कम थी, चढ़कर निकाल लिया। रात अधिक होने के कारण वह कलश को बेच नहीं पाया और घर भी नहीं ले जा सका, जिसे उसने कटनई प्रहरी जंगल में छिपा कर रख दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए कलश को गवाहों के समक्ष जप्ती पत्रक के अनुसार जप्त कर कब्जा पुलिस में लिया गया।
आरोपी का कृत्य धारा 303(2) BNS का पाया जाने पर आज दिनांक 10.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
 उपरोक्त कार्यवाही में निरीक्षक जय कुमार साहू, प्र.उप.निरी. नितिन चंदवंशी, आरक्षक अंजनी कश्यप, आरक्षक बाल्मिकी राठौर एवं साइबर टीम का सराहनीय योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here