बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा राज्य: पांडे
नारायणपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के तीसरे बजट को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता संपन्न हुई। जगदलपुर के महापौर और भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय पांडे ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बजट 2026-27 की बारीकियों को साझा किया। उन्होंने इस बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ के विजन को साकार करने वाला एक ऐतिहासिक दस्तावेज बताया।
संजय पांडे ने कहा कि साय सरकार का पहला बजट ‘ज्ञान’ और दूसरा ‘गति’ पर आधारित था, जबकि इस वर्ष के बजट की थीम “संकल्प” रखी गई है। इस संकल्प के माध्यम से सरकार लक्ष्यों पर केंद्रित है। समावेशी विकास और अधोसंरचना निर्माण निवेश और कुशल मानव संसाधन का विकास अंत्योदय और आजीविका के साधन नीतियों को परिणामों में बदलना।
पत्रकार वार्ता के दौरान संजय पांडे ने बजट के उन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला जो राज्य की तस्वीर बदल देंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा पर सर्वाधिक 13.5 प्रतिशत आवंटन स्कूली शिक्षा के स्तर को सुधारने पर सबसे बड़ा फोकस है। कृषि क्षेत्र के लिए 13,500 करोड़ का प्रावधान साय सरकार की किसान हितैषी मंशा का परिचायक है। भूमि विकास बैंक हेतु 200 करोड़ रुपए का प्रावधान है। शहरी विकास हेतु 200 करोड़ रुपयों से मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना की शुरुआत होगी। 250 करोड़ रुपयों से राज्य में 23 नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना होगी। मेयर संजय पांडे ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य ईलाज की व्यवस्था सरकार के सरोकार को दर्शाता है। 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान जारी रहेगा। संजय पाण्डेय ने ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्तमंत्री ओपी चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की आर्थिक मजबूती और सामाजिक सशक्तिकरण का रोडमैप है। उन्होंने जोर देकर कहा कि निवेश और रोजगार सृजन इस बजट की प्राथमिकता है, जिससे युवाओं को प्रदेश में ही बेहतर अवसर मिलेंगे।
पत्रकार वार्ता के दौरान छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, वरिष्ठ नेता बृजमोहन देवांगन, जिला महामंत्री संदीप झा एवं मीडिया प्रभारी सुदीप झा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।









