Home कोरबा लाइसेंस से पहले उद्घाटन! कोरबा के ‘शिवाय हॉस्पिटल’ पर उठे सवाल, क्या...

लाइसेंस से पहले उद्घाटन! कोरबा के ‘शिवाय हॉस्पिटल’ पर उठे सवाल, क्या मंत्री करेंगे फीता काटकर शुभारंभ?

0
0

कोरबा।
ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में 7 मार्च को उद्घाटित होने जा रहे 100 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक “शिवाय हॉस्पिटल” को लेकर उद्घाटन से पहले ही सवाल खड़े होने लगे हैं। भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा जिला अध्यक्ष के शामिल होने की चर्चा है। लेकिन इसी बीच यह मुद्दा सामने आया है कि अस्पताल को अभी तक संचालन के लिए वैध लाइसेंस प्राप्त नहीं हुआ है।

स्वास्थ्य विभाग के नियमों के अनुसार किसी भी निजी अस्पताल, नर्सिंग होम या क्लीनिक का संचालन नर्सिंग होम एक्ट के तहत विधिवत लाइसेंस मिलने के बाद ही किया जा सकता है। बिना लाइसेंस के अस्पताल शुरू करना नियमों का उल्लंघन माना जाता है। विभागीय जानकारी के अनुसार “शिवाय हॉस्पिटल” को अब तक इस अधिनियम के तहत संचालन की अनुमति नहीं मिली है।

बताया जा रहा है कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से 2 मार्च 2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय में नर्सिंग होम एक्ट के तहत लाइसेंस के लिए आवेदन दिया गया है। हालांकि केवल आवेदन देने से अस्पताल को संचालन की अनुमति नहीं मिलती। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की तय प्रक्रिया पूरी होना आवश्यक होती है।

नियमों के तहत लाइसेंस जारी होने से पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल का निरीक्षण करती है। इस दौरान भवन की संरचना, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा उपकरण, डॉक्टरों और स्टाफ की योग्यता, आपातकालीन सेवाएं, स्वच्छता और मरीजों की सुरक्षा से जुड़े कई पहलुओं की जांच की जाती है। जानकारी के मुताबिक अभी तक स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा अस्पताल का निरीक्षण भी नहीं किया गया है।

निरीक्षण के बाद नोडल अधिकारी अपनी रिपोर्ट तैयार कर जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में प्रस्तुत करते हैं। समिति से स्वीकृति मिलने के बाद ही अस्पताल को लाइसेंस जारी किया जाता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब अभी निरीक्षण और समिति की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, तो 7 मार्च को अस्पताल का उद्घाटन और संचालन किस आधार पर किया जाएगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े जानकारों का कहना है कि अस्पताल कितना भी आधुनिक क्यों न हो, यदि उसके पास वैध लाइसेंस नहीं है तो उसका संचालन नियमों के विरुद्ध माना जाएगा।

इस पूरे मामले में “शिवाय हॉस्पिटल” के डायरेक्टर डॉ. दिविक एच. मित्तल या अस्पताल प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

हालांकि कोरबा जैसे औद्योगिक शहर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं वाले अस्पतालों की जरूरत है, लेकिन इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के नियमों और प्रक्रियाओं का पालन भी उतना ही जरूरी माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here